15 दिनों में मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा आंदोलन: झारखंड मजदूर यूनियन की चेतावनी…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में मंगलवार को झारखंड मजदूर यूनियन की एक विशेष बैठक यूनियन अध्यक्ष दीनबंधु पात्रों की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में यूनियन महासचिव दुलाल चाम्पिया सहित कई लोग मौजूद थे।
बैठक के दौरान टाटा स्टील लिमिटेड विजय-2 आयरन एंड माइंस में कार्यरत मजदूरों ने वेंडर कंपनियों द्वारा किए जा रहे शोषण की शिकायतें रखीं। मजदूरों ने बताया कि उन्हें जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं वेतन समय पर नहीं बढ़ाया जा रहा है और कई वर्षों से लंबित भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
यूनियन अध्यक्ष दीनबंधु पात्रों ने कहा कि वेंडर कंपनियों द्वारा मजदूरों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन से मांग की कि मजदूरों को उनके अधिकार दिए जाएं जैसे—
•खदान क्षेत्र में आने-जाने के लिए गाड़ी की सुविधा
•गेट पर नियमित पंचिंग और उसकी मान्यता
•कैंटीन की सुविधा या खाने के लिए भत्ता
•योग्यता के अनुसार वेतन वृद्धि
•रिटायर मजदूरों के बदले उनके बेटे को नौकरी
•2008 से 2013 तक लंबित ग्रेच्युटी भुगतान
•26 दिन की हाजिरी की गारंटी
•साफ-सुथरे टिफिन की व्यवस्था और पॉलिथीन में खाना बंद करना
•सेफ्टी इक्विपमेंट समय पर उपलब्ध कराना
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन सभी मांगों का समाधान यदि 15 दिनों के भीतर नहीं किया गया तो झारखंड मजदूर यूनियन मजदूरों के हित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी टाटा स्टील प्रबंधन की होगी।

