1000263551

राजस्थान के दौसा में भीषण सड़क हादसा: 7 बच्चों समेत 11 की मौत, 8 घायल…

खबर को शेयर करें
1000263551

Azad Reporter desk: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। हादसा मनोहरपुर के पास उस समय हुआ जब एक पिकअप वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

पुलिस अधीक्षक सागर ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। हादसे का शिकार हुए सभी लोग उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले थे। वे खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर के दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। पिकअप वैन में 20 से अधिक लोग सवार थे।

पुलिस उपाधीक्षक रविप्रकाश शर्मा के अनुसार मृतकों में 7 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान पूर्वी (6), लक्ष्य (6), वैष्णवी (7), महक (7), सलोनी (9), मिष्ठी (1), बाबू (3), प्रियंका (25), शीलादेवी (28), सीमा (25) और सोनम (32) के रूप में हुई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से एक की हालत गंभीर है। सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत अन्य नेताओं ने भी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।