हजारीबाग में भीषण बस हादसा: NH-19 पर बारिश में फिसलने से बस पलटी, 10 यात्री घायल…

Jharkhand: झारखंड के हजारीबाग जिले में गुरुवार को भारी बारिश के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोरहर थाना क्षेत्र के गोरहर पुल के पास एनएच-19 पर कोलकाता से गया जा रही सियाराम ट्रैवल्स की एक बस फिसल कर पलट गई। हादसे में 10 यात्री घायल हो गए हैं जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मूसलधार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी जिससे बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई। हादसे के समय बस में दर्जनों यात्री सवार थे। कई यात्रियों को बस की खिड़कियों से बाहर निकाला गया।
घायलों को तुरंत बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को विशेष निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
कुछ यात्रियों ने बताया कि तेज बारिश के चलते चारों ओर दृश्यता कम हो गई थी और अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया। ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में प्रशासन की मदद की।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलें।

