जमशेदपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने की उम्मीद तेज़, जेएससीए सचिव ने किया स्थल का निरीक्षण…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाया गया है। बुधवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के सचिव सौरभ तिवारी ने पटमदा अंचल के ग्राम गेगाड़ा स्थित लगभग 50 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया जहां प्रस्तावित स्टेडियम का निर्माण किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान पटमदा अंचलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार दास, थाना प्रभारी, सीआई एस.के. जेना, नाजिर बोध मुंडा, अमीन नंदलाल महतो एवं स्थानीय समाजसेवी विश्वनाथ महतो भी मौजूद रहे।
सचिव सौरभ तिवारी ने निरीक्षण के बाद बताया कि गेगाड़ा तक पहुंचने वाली मुख्य सड़क फिलहाल काफी संकरी है। यदि सड़क का चौड़ीकरण किया जाए तो इस स्थान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाना पूरी तरह संभव है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध पहले ही किया जा चुका है और राज्य सरकार इस पर सकारात्मक रुख अपना रही है।
पटमदा अंचलाधिकारी डॉ. दास ने बताया कि निरीक्षण की गई भूमि बिहार नाबाद सरकार की है, जिसकी खाता संख्या 416 और प्लॉट संख्या 1624 है। यह कुल 49.5 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है, जो स्टेडियम निर्माण के लिए उपयुक्त मानी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भूमि की स्थिति, सड़क मार्ग, कागजात और संभावित अड़चनों का भी जायज़ा लिया।
स्थानीय समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि स्टेडियम बनने से इलाके के युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों के हितों और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जिला प्रशासन द्वारा गेगाड़ा गांव में स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई थी। इस निरीक्षण को लेकर गांव के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों का मानना है कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बुनियादी सुविधाएं भी विकसित होंगी।

