तिरुपति स्टेशन पर खड़ी हिसार एक्सप्रेस और रायलसीमा एक्सप्रेस में लगी आग, वंदे भारत ट्रेन को समय पर रोका गया…

Azad Reporter desk: तिरुपति रेलवे स्टेशन के पास उस समय हड़कंप मच गया जब हिसार एक्सप्रेस और रायलसीमा एक्सप्रेस के डिब्बों में अचानक आग लग गई। यह घटना रेलवे यार्ड में हुई जहां दोनों ट्रेनें खड़ी थीं। आग दोनों ट्रेनों के दो डिब्बों तक फैल गई लेकिन समय रहते बाकी डिब्बों को अलग कर दिया गया जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना के वक्त डिब्बों में कोई यात्री सवार नहीं था जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जब हिसार एक्सप्रेस के एक जनरल डिब्बे से घना धुआँ निकलता दिखा तो रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को जानकारी दी और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
तेजी से फैल रही आग के चलते पास से गुजर रही वंदे भारत ट्रेन को समय पर रोक दिया गया जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। फिलहाल आग बुझाने का काम पूरा हो चुका है और रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


