1000227201

झारखंड में भारी बारिश का कहर : 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त…

खबर को शेयर करें
1000227201

Jharkhand: झारखंड में मानसून एक बार फिर तेज़ रफ्तार से सक्रिय हो गया है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। बुधवार को पश्चिमी झारखंड के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन पर खासा असर पड़ा। साहिबगंज में सबसे ज़्यादा 180 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई जिससे हालात गंभीर हो गए। एक शिव मंदिर भी पानी में डूब गया। वहीं जमशेदपुर में अब तक 970 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो एक रिकॉर्ड है। वहां स्कूल जाने वाले बच्चों को जूते हाथ में लेकर सड़क पार करते देखा गया।

इन 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

  1. कोडरमा
  2. जामताड़ा
  3. देवघर
  4. पलामू
  5. गढ़वा
  6. चतरा
  7. लातेहार
  8. गिरिडीह
  9. हजारीबाग

इन जिलों में भारी बारिश, जलजमाव और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को निचले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

येलो अलर्ट वाले जिले: रांची, खूंटी, लोहरदगा, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, धनबाद और बोकारो में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में ट्रफ लाइन झारखंड के पश्चिम और पूर्वी हिस्सों से होकर गुजर रही है जिससे अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील बताए जा रहे हैं।

राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने और इमरजेंसी सेवाओं को सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और ज़रूरत न हो तो घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।