1000262007

झारखंड में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी, अगले पांच दिन मौसम रहेगा खराब…

खबर को शेयर करें
1000262007

Jharkhand: झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज से तेज बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के सक्रिय होने से पूरे राज्य में बारिश का सिलसिला अगले पांच दिनों तक जारी रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार बंगाल की खाड़ी के मध्य और उत्तरी हिस्सों में निम्न दबाव बनने की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिसका असर झारखंड के मध्य और पूर्वी जिलों पर पड़ रहा है। सोमवार को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक रांची में तेज बारिश हुई जिससे शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया।

मौसम विभाग ने 12, 13 और 14 अगस्त को राज्य के अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को भी बादल छाए रहेंगे और दोपहर के बाद तेज बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा चलने का अनुमान है। इसके साथ ही वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है इसलिए सभी लोग सावधानी बरतें।

बीते 24 घंटे में सरायकेला में सबसे ज्यादा तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पाकुड़ में 145 मिलीमीटर बारिश हुई जो राज्य में सबसे अधिक है।

झारखंड के नागरिकों से अनुरोध है कि मौसम विभाग की जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें और आवश्यक सावधानियां बरतें।