जमशेदपुर को इंडस्ट्रियल टाउन बनाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, टाटा स्टील ने रखा पक्ष…

Jamshedpur news: जमशेदपुर को इंडस्ट्रियल टाउन बनाने के खिलाफ दायर याचिका पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। यह मामला जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस बागची की बेंच में सुनना था। याचिकाकर्ता जवाहरलाल शर्मा ने बताया कि केस का सीरियल नंबर 25 था, लेकिन समय की कमी के कारण सुनवाई पूरी नहीं हो सकी।
इस दौरान टाटा स्टील की ओर से कांग्रेस नेता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कंपनी का पक्ष रखा और नोटिस का जवाब भी दिया। हालांकि कोर्ट ने कहा कि अगली तारीख पर इस मामले को फिर सुना जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता जवाहरलाल शर्मा के वकील को दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। साथ ही झारखंड सरकार के वकील को भी रिप्लाई फाइल करने को कहा गया है। अगली सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर के सामाजिक कार्यकर्ता जवाहरलाल शर्मा ने यह जनहित याचिका दायर की है। उन्होंने मांग की है कि जमशेदपुर को नगर निगम का दर्जा दिया जाए ताकि लोगों को सभी नगर निगम की सुविधाएं और तीसरे मताधिकार (ट्रिपल वोटिंग राइट) का लाभ मिल सके। इस मामले की सुनवाई फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है जबकि सरकार ने जमशेदपुर को इंडस्ट्रियल टाउन बनाने के लिए कमेटी और प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है।

