झारखंड में राज्यकर्मियों और पेंशनरों के लिए फिर खुला स्वास्थ्य बीमा पोर्टल, 30 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन…

Jharkhand: झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी ने राज्यकर्मियों और पेंशनरों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पोर्टल एक बार फिर से खोल दिया है। जो लाभार्थी पहले रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए थे वे अब 30 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा पोर्टल sehiss.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध है।
इस योजना के तहत राज्यकर्मी, पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर अपने व अपने आश्रितों का ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन को संबंधित डीडीओ से सत्यापित कराना होगा और इसके बाद प्रीमियम राशि ₹3000 का ऑनलाइन भुगतान पोर्टल पर ही करना होगा।
आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक अबु इमरान के अनुसार, यह स्वास्थ्य बीमा 1 सितंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। बीमा कार्ड सितंबर के पहले सप्ताह के बाद डाउनलोड किया जा सकेगा।
अधिक जानकारी या सहायता के लिए लाभार्थी टोल फ्री नंबर 1800-345-5027 पर संपर्क कर सकते हैं।


