क्या शाहरुख खान के घर “मन्नत” पर हुआ है कोई अवैध निर्माण? आखिर क्यों पहुंची जांच टीम…

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बांद्रा स्थित बंगले ‘मन्नत’ में चल रहे रिनोवेशन कार्य को लेकर वन विभाग की ओर से अचानक की गई जांच पर महाराष्ट्र सरकार ने नाराज़गी जताई है। राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने रविवार को इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और सवाल उठाया कि बिना ठोस कारण के शाहरुख खान या किसी भी नागरिक को परेशान क्यों किया जा रहा है।
दरअसल वन विभाग को मन्नत में चल रहे कार्य को लेकर एक शिकायत मिली थी जिसके आधार पर उन्होंने BMC से सहयोग की मांग की। फिर 22 जून को BMC और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ‘मन्नत’ का दौरा किया जहां उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया और शाहरुख खान की टीम से बातचीत की।
शेलार ने कहा “मेरा सवाल है कि आखिर वन विभाग के अधिकारी शाहरुख खान के बंगले में क्यों गए? अगर कोई गलती है तो उसकी जांच होनी चाहिए लेकिन हमारी ज़िम्मेदारी है कि शाहरुख खान या किसी अन्य को बिना वजह या महज शिकायत के आधार पर परेशान न किया जाए।”
सूत्रों के अनुसार शाहरुख खान की टीम ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि सभी ज़रूरी अनुमति पहले ही ली जा चुकी है और यदि जरूरत पड़ी तो वे सभी दस्तावेज़ भी उपलब्ध कराएंगे। फिलहाल वन विभाग इस पूरे मामले पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है।
मामले पर सरकार ने वन विभाग से विस्तृत जानकारी भी मांगी है।

