1000223711

हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, तोड़ा मिताली राज का रिकॉर्ड, इंग्लैंड में पहली बार भारत ने टी20 सीरीज जीती…

खबर को शेयर करें
1000223711

Azad Reporter desk: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में पहली बार टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया। भले ही टीम इंडिया को 12 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए आखिरी टी20 मैच में हार का सामना करना पड़ा लेकिन 5 मैचों की सीरीज को भारत ने 3-2 से अपने नाम कर लिया।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने भारत की दिग्गज क्रिकेटर मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। हरमनप्रीत ने अब तक 334 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जबकि मिताली राज के नाम 333 मैच हैं।

हरमनप्रीत कौर अब दुनिया में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे ऊपर न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स (346 मैच) और ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (337 मैच) हैं।

हालांकि आखिरी मैच में हरमनप्रीत बल्ले से कुछ खास नहीं कर सकीं और 15 रन बनाकर आउट हो गईं लेकिन इस जीत की अगुवाई उन्होंने पूरे सीरीज में बखूबी की।

भारतीय महिला खिलाड़ियों में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली खिलाड़ी:
हरमनप्रीत कौर – 334 मैच
मिताली राज – 333 मैच
झूलन गोस्वामी – 284 मैच
स्मृति मंधाना – 261 मैच
दीप्ति शर्मा – 239 मैच

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 167 रन बनाए जिसमें शेफाली वर्मा ने शानदार 75 रन की पारी खेली। हालांकि बाकी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सके।

जवाब में इंग्लैंड ने आखिरी गेंद पर मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। इंग्लैंड की ओर से डैनी वायट-हॉज ने 56 रन, सोफिया डंकले ने 46 रन और कप्तान टैमी ब्यूमोंट ने 30 रन बनाए।

इस हार के बावजूद भारत ने पूरी सीरीज जीतकर इतिहास रचा और एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया।