Happy Birthday MS Dhoni: The Gem of Indian Cricket!! एक झलक उनके अब तक के पूरे क्रिकेट जर्नी पर…

Azad Reporter desk: “महेंद्र सिंह धोनी” एक ऐसा नाम जिसने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दी। 7 जुलाई 1981 को झारखंड के रांची में जन्मे धोनी आज 44 साल के हो चुके हैं। इस खास मौके पर पूरा देश उन्हें बधाई दे रहा है तो चलिए हम भी एक नजर डालते हैं उनके अब तक के क्रिकेट सफर पर जो संघर्ष, मेहनत और जीत की मिसाल है।
धोनी का क्रिकेट सफर आसान नहीं था। 18 साल की उम्र में उन्होंने सेंट्रल कोल्स फील्ड लिमिटेड से खेलना शुरू किया। फिर रेलवे की टीम में शामिल हुए और साथ ही TTE की नौकरी भी मिली। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद 2004 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ वनडे डेब्यू का मौका मिला हालांकि पहले मैच में वह बिना खाता खोले रन आउट हो गए।
फिर आई धमाकेदार एंट्री 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ 148 रन और फिर श्रीलंका के खिलाफ 183 रनों की नाबाद पारी ने धोनी को रातोंरात स्टार बना दिया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेट के पीछे फुर्ती ने सबको प्रभावित किया।
फिर 2007 में धोनी ने पहली बार कप्तानी संभाली और भारत को पहला T20 वर्ल्ड कप जिताया। 2011 में वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में 91* की पारी खेलते हुए भारत को 28 साल बाद वर्ल्ड कप विजेता बनाया। 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर धोनी इकलौते कप्तान बने जिनके नाम ICC के सभी तीन बड़े खिताब हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान के रूप में धोनी ने IPL में भी इतिहास रचा। 5 बार CSK को चैंपियन बनाया। लोग सिर्फ उनके छक्के और हेलिकॉप्टर शॉट्स देखने स्टेडियम पहुंचते हैं।
धोनी का अंतरराष्ट्रीय करियर जहां एक रन आउट से शुरू हुआ था वहीं 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ रन आउट होने के साथ ही उनका आखिरी मैच भी यादगार बन गया। इसके बाद 15 अगस्त 2020 को उन्होंने अचानक संन्यास की घोषणा कर सबको चौंका दिया।
अगर उनके अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन बनाए जिसमें 6 शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में 350 मैच खेलकर 10773 रन बनाए जिसमें 10 शतक और 73 अर्धशतक हैं। टी20 में उन्होंने 98 मैचों में 1617 रन बनाए।
महेंद्र सिंह धोनी आज भी करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के दिल में बसते हैं।


