Gumla: बॉक्साइट खनन में बड़ी लापरवाही का खुलासा, जिला प्रशासन ने भेजा अंतिम नोटिस…

Jharkhand: जिले में चल रहे बॉक्साइट खनन क्षेत्र में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। गुरुवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी और खान निरीक्षक ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खनन स्थल पर कई नियमों की अनदेखी सामने आई।
निरीक्षण में पाया गया कि खनन कार्य तय योजना के अनुसार नहीं किया जा रहा है और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा है। श्रमिकों और पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं दिखी।
उत्खनित खनिज को अम्बाकोना मौजा के स्टॉक यार्ड में जमा कर वहीं से ट्रकों पर लोड किया जा रहा था। ट्रक चालकों ने शिकायत की कि उन्हें रातभर रोक कर रखा जाता है लेकिन वहां पानी, बिजली, शौचालय या आराम करने की कोई सुविधा नहीं है।
जांच में यह भी पाया गया कि ट्रकों पर तिरपाल और सील लगाने की प्रक्रिया सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है जिससे इलाके में प्रदूषण फैल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी शिकायत की कि खनन के बाद जमीन की मरम्मत नहीं की जाती जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
बता दें कि इससे पहले भी 16 जुलाई को उपायुक्त के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने खनन कंपनी के खिलाफ शिकायत दी थी। 6 दिसंबर 2024 और 2 जनवरी 2025 को भी कंपनी को नोटिस भेजे गए थे लेकिन जवाब नहीं आया।
अब जिला प्रशासन ने खनन नियमों के उल्लंघन पर कंपनी को अंतिम कारण बताओ नोटिस भेजा है और चेतावनी दी है कि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खनन पट्टा रद्द करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

