वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब 8 की जगह 16 कोच के साथ चलेगी ट्रेन, राउरकेला में बनेगा 400 करोड़ का डिपो…

Azad Reporter desk: वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। 7 अगस्त से राउरकेला-पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस अब 8 की जगह 16 कोच के साथ चलेगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया है। इससे अधिक लोगों को सीट मिल सकेगी और सफर भी आरामदायक होगा।
इस संबंध में ईस्ट कोस्ट रेलवे, भुवनेश्वर के डिप्टी चीफ ऑपरेशंस मैनेजर संदीप कुमार ने अधिसूचना जारी की है।
रेलवे के अनुसार
•7 अगस्त से राउरकेला से चलने वाली ट्रेन नंबर 20835 अब 16 कोच के साथ चलेगी।
•इसी तरह पुरी से राउरकेला आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में भी अब 16 कोच होंगे।
•इस बदलाव से राउरकेला से जगन्नाथ पुरी तक जाने वाले यात्रियों को टिकट आसानी से मिल सकेगा।
दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने जानकारी दी है कि राउरकेला में वंदे भारत ट्रेनों के रख-रखाव और संचालन के लिए एक आधुनिक डिपो बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जीएम ने बताया कि राउरकेला का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि यह पूर्व और मध्य भारत को जोड़ने वाला अहम रेलवे जंक्शन है। डिपो में ट्रेनों की मरम्मत, सफाई और जांच की सुविधा होगी।
डिपो बनने से राउरकेला क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और यात्रियों को वंदे भारत की बेहतर और समय पर सेवा मिल सकेगी।
रेलवे प्रशासन ने डिपो के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है और बंडामुंडा रेलखंड की खाली जमीन पर डिपो बनाने की संभावना सबसे ज्यादा है। यह डिपो दक्षिण पूर्व रेलवे का पहला बड़ा वंदे भारत डिपो होगा।


