गोविंदपुर मुख्य मार्ग जलमग्न, शहर से टूटा संपर्क, जनप्रतिनिधियों का जल सत्याग्रह शुरू…

Jamshedpur news: शहर में लगातार हो रही बारिश ने टाटा कमांड एरिया से बाहर के क्षेत्रों की स्थिति बद से बदतर कर दी है। विशेष रूप से गोविंदपुर क्षेत्र का मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है जिससे लगभग डेढ़ दर्जन वार्डों का शहर से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। इससे नाराज होकर जनप्रतिनिधियों ने अब जल सत्याग्रह का रास्ता अपनाया है।
इस जल सत्याग्रह का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि टाटा मोटर्स और टाटा कमिंस के जल निकासी नालों को बंद कर दिए जाने के कारण यह जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। बताया जा रहा है कि सड़क का पानी इन्हीं नालों से होकर निकलता था लेकिन दोनों कंपनियों द्वारा निकासी मार्ग बाधित कर दिए जाने से सारा पानी सड़कों पर जमा हो गया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि दोनों कंपनियों से बात की गई लेकिन जब समाधान नहीं निकला तो उन्हें मजबूरन जल में उतरकर विरोध जताना पड़ा। उनका कहना है कि जब तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती और रास्ता साफ नहीं होता तब तक यह जल सत्याग्रह जारी रहेगा।

