Gorakhpur: स्कूल की छत से प्लास्टर गिरा, छात्र गंभीर रूप से घायल, प्रधानाध्यापिका निलंबित…

Azad Reporter desk: गोरखपुर जिले के चरगांवा ब्लॉक के ग्राम बालापर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में एक बड़ा हादसा हो गया। कक्षा के दौरान अचानक एक कमरे की छत का प्लास्टर भरभराकर गिर पड़ा जिसकी चपेट में आने से कक्षा 5 का छात्र विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद शिक्षक घायल छात्र को गुरु गोरक्षनाथ चिकित्सा संस्थान ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई और सभी छात्र डर के मारे कक्षा से बाहर भाग गए।
शिक्षकों ने बताया कि इससे पहले भी 17 जून को इसी स्कूल के बरामदे का छज्जा गिरा था। उस समय अधिकारियों को सूचना दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह घटना स्कूल की जर्जर हालत को एक बार फिर उजागर करती है।
सूचना मिलते ही बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुनीता अग्रहरी को निलंबित कर दिया। साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार गुप्ता से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

