1000252651

Giridih: भलसुमिया जंगल में पेड़ से लटका मिला छात्र का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका…

खबर को शेयर करें
1000252651

Jharkhand: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भलसुमिया जंगल में मंगलवार की सुबह एक किशोर का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतक की पहचान बिहार के चकाई निवासी प्रेम प्रमोद मुर्मू (उम्र लगभग 14 वर्ष) के रूप में हुई है जो पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो में अपनी बहन के घर रहकर कार्मेल हिंदी मीडियम स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था।

परिजनों के अनुसार प्रेम सोमवार शाम को साइकिल लेकर घर से निकला था लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर ही रहे थे कि मंगलवार सुबह उसका शव जंगल में पेड़ से लटका मिला।

परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया है। उनका शक और भी गहराया जब मृतक की साइकिल घटनास्थल से करीब 200 गज दूर मुख्य सड़क के किनारे पाई गई।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।