Giridih: ओवरलोड ट्रक ने स्कूटी को मारी ज़ोरदार टक्कर, एक युवक की मौत, दो घायल…

Jharkhand: शुक्रवार सुबह डुमरी-गिरिडीह मुख्य सड़क पर कोलडीहा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें 22 वर्षीय युवक कुर्बान अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक घायल हो गए जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
तीनों युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़ीडीह गांव के रहने वाले थे और सुबह-सुबह गिरिडीह स्टेडियम से दौड़ का अभ्यास करके लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरी की ओर से आ रहे एक ओवरलोड 12 चक्का ट्रक ने पीछे से इनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में कुर्बान अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो साथी घायल हो गए। कुर्बान पुलिस सेवा में जाने की तैयारी कर रहा था और रोजाना की तरह दौड़ की प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम गया था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गुस्से में आकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक, मुफस्सिल थाना और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत किया और जाम हटवाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे ने एक बार फिर ओवरलोड गाड़ियों की लापरवाही को उजागर किया है।

