Garhwa : तीन महीने से नहीं मिला था राशन, जांच में कटौती और खराब गेंहू देने का मामला आया सामने…

Jharkhand: गढ़वा कांडी प्रखंड के पतरिया पंचायत अंतर्गत सड़की गांव में जन वितरण प्रणाली (PDS) डीलर द्वारा तीन महीने से राशन नहीं देने की शिकायत के बाद BDO राकेश सहाय ने सोमवार को डीलर की दुकान का निरीक्षण किया।
डीलर राम प्रवेश बैठा पर आरोप है कि उन्होंने 3 महीने का राशन लाभुकों को नहीं दिया। लाभुकों की शिकायत और मीडिया में खबर आने के बाद BDO मौके पर पहुंचे और जांच में कई गड़बड़ियां पाई गईं।
जांच के दौरान यह सामने आया कि डीलर द्वारा लाभुकों को मिलने वाले 35 किलो राशन में से 4 किलो कम दिया जा रहा था। साथ ही वितरण किए जा रहे गेहूं में कंकड़, मिट्टी और पत्थर मिले थे।
इस पर BDO ने तत्काल लाभुकों से खराब गेहूं वापस करवाया और डीलर को निर्देश दिया कि गोदाम में उक्त गेहूं लौटाकर वहां से साफ गेहूं मंगवाकर वितरण किया जाए। उन्होंने डीलर को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी लाभुक का राशन नहीं काटा जाएगा और सबको पूरा राशन मिलेगा।
BDO ने 20 जुलाई तक जून, जुलाई, अगस्त का राशन और मई महीने का चना-दाल लाभुकों के बीच बांटने का निर्देश दिया है। साथ ही लाभुकों से अपील की कि अगर उन्हें कम राशन दिया जाता है तो वे सीधे बीडीओ को सूचित करें।
BDO राकेश सहाय ने कहा कि डीलर की अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एजीएम शाहिद अंसारी, गोदाम प्रभारी राजू सिंह और बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद थे।


