जमशेदपुर में मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़ा! बिहार और बंगाल की 172 महिलाओं पर केस दर्ज…

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड के हेंदलजुड़ी पंचायत में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जांच में पता चला कि बिहार और पश्चिम बंगाल की 172 महिलाओं ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे इस योजना का लाभ उठाया। प्रशासन ने सभी महिलाओं पर केस दर्ज कर दिया है।
इनमें बिहार के किशनगंज जिले की 40 और पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले की 132 महिलाएं शामिल हैं। सभी ने कथित रूप से योजना की पहली किस्त के तौर पर 2500 रुपये की राशि अपने खातों में डलवाई। कुल मिलाकर करीब 9 लाख 57 हजार रुपये की गलत तरीके से निकासी की गई है।
यह खुलासा होते ही घाटशिला प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) युनिका शर्मा के निर्देश पर हेंदलजुड़ी पंचायत सचिव मंगल टुडू ने गालूडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही पंचायत की तत्कालीन सचिव पुष्पा कुमारी पोद्दार को शोकॉज नोटिस भी जारी किया गया है।
इस घोटाले को लेकर स्थानीय राजनीतिक दलों भाजपा और झामुमो ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह मामला सरकार की गरीब महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं में लापरवाही और भ्रष्टाचार की गंभीर तस्वीर पेश करता है।