1000255459

GE पेपर-2 को लेकर पूर्व छात्र परेशान, विश्वविद्यालय ने दी सफाई, रिजल्ट में नहीं होगा कोई बदलाव…

खबर को शेयर करें
1000255459

Jharkhand: कोल्हान विश्वविद्यालय और जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी से पासआउट हुए कई छात्र GE (जनरल इलेक्टिव) पेपर-2 की परीक्षा को लेकर असमंजस में हैं। खासकर वे छात्र जो सत्र 2015-18 से 2020-23 के बीच स्नातक की पढ़ाई कर चुके हैं अब चिंतित हैं कि इस परीक्षा का उनके रिजल्ट और मार्कशीट पर क्या असर पड़ेगा।

छात्रों की उलझन इस बात को लेकर है कि उस समय सिर्फ जीई पेपर-1 की ही परीक्षा हुई थी। लेकिन अब शिक्षक नियुक्ति जैसी प्रक्रियाओं में आवेदन करते समय जीई पेपर-2 की मांग हो रही है, जिससे उनके आवेदन निरस्त हो रहे हैं। इस कारण विश्वविद्यालय ने अब जीई पेपर-2 की परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है।

जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रह्मण्यम और प्रवक्ता डॉ. सुधीर कुमार साहू ने स्पष्ट किया कि यह परीक्षा केवल छात्रहित में ली जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों के पुराने रिजल्ट में कोई बदलाव नहीं होगा। जीई पेपर-2 के अंक अलग से एक मार्कशीट में दिए जाएंगे ताकि छात्र भविष्य में शिक्षक भर्ती या अन्य किसी प्रक्रिया में हिस्सा ले सकें।

पूर्व में जब यह संस्थान सिर्फ वीमेंस कॉलेज था तब मार्कशीट पर कॉलेज का नाम ऊपर और कोल्हान विश्वविद्यालय की स्वायत्त इकाई के रूप में नीचे लिखा होता था। अब चूंकि यह एक यूनिवर्सिटी बन चुकी है इसलिए छात्र पूछ रहे हैं कि मार्कशीट किस नाम से जारी होगी। इस पर डॉ. सुब्रह्मण्यम ने कहा कि इस मुद्दे पर विचार चल रहा है और परीक्षा के रिजल्ट जारी करने से पहले इसका प्रारूप तय कर लिया जाएगा।

CBCS (च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम) लागू होने के शुरुआती वर्षों में केवल जीई पेपर-1 की पढ़ाई और परीक्षा हुई थी। लेकिन अब जब ये छात्र शिक्षक नियुक्ति जैसी परीक्षाओं के लिए आवेदन कर रहे हैं तो उन्हें जीई पेपर-2 के अंक नहीं होने के कारण अयोग्य माना जा रहा है। इसी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने जीई पेपर-2 की परीक्षा कराना जरूरी समझा।