पूर्व कृषि मंत्री आनंद सिंह का निधन, ‘यूपी टाइगर’ कहे जाने वाले नेता ने 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस…

Azad Reporter desk: उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व कृषि मंत्री आनंद सिंह का रविवार देर रात लखनऊ में निधन हो गया। वे 86 साल के थे। उन्हें ‘यूपी टाइगर’ के नाम से भी जाना जाता था। बताया जा रहा है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को उनका पार्थिव शरीर गोंडा जिले के मनकापुर कोट लाया गया जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उनका अंतिम संस्कार पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाएगा।
आनंद सिंह का जन्म 4 जनवरी 1939 को हुआ था। उन्होंने 1971 में कांग्रेस पार्टी से राजनीति की शुरुआत की और गोंडा से लोकसभा सांसद बने। इसके बाद वे 1980, 1984 और 1989 में भी सांसद चुने गए। वे कुल चार बार गोंडा से लोकसभा पहुंचे।
1991 में राम मंदिर आंदोलन की लहर में वे चुनाव हार गए। 1996 में समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ा लेकिन इस बार उनकी पत्नी केतकी देवी सिंह ने ही भाजपा से उन्हें हराया। 2012 में वे समाजवादी पार्टी से गौरा विधानसभा सीट से विधायक बने और राज्य सरकार में कृषि मंत्री बनाए गए।
उनके बेटे कीर्तिवर्धन सिंह वर्तमान में गोंडा से भाजपा सांसद हैं और केंद्र सरकार में विदेश राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।

