जमशेदपुर में बाढ़ का कहर!! 1500 से ज्यादा घर डूबे, NDRF राहत कार्य में जुटी…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। शहर के बागबेड़ा, जुगसलाई, शास्त्रीनगर और मानगो जैसे निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। अब तक 1500 से अधिक घर पानी में डूब चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार डैम का पानी छोड़ने से पहले सूचना दी जाती थी लेकिन इस बार बिना जानकारी दिए ही पानी छोड़ दिया गया। अचानक पानी बढ़ने से लोग संभल नहीं पाए और कई परिवारों को घर छोड़कर ऊपरी मंजिलों या सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा।
बागबेड़ा की नई बस्ती, रेलवे कॉलोनी, रिवर व्यू कॉलोनी, प्रधान टोला, बाजार टोला, हरहरगुट्टू, गणेश नगर और शिवनगर पूरी तरह पानी में डूबे हुए हैं। जुगसलाई की गरीब नवाज कॉलोनी, बाबा कुटी, तेज पत्ती और शिव घाट इलाकों में भी पानी भर गया है।
मानगो में ओल्ड पुरुलिया रोड और चेपा पुल की ओर जाने वाला रास्ता बाढ़ के पानी में डूब गया है। शंकोसाई इलाका भी जलमग्न है।
बागबेड़ा की नई बस्ती से NDRF अब तक 17 परिवारों को सुरक्षित निकाल चुकी है। जिला प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहा है।
स्वर्णरेखा नदी 1.86 मीटर और खरकई नदी 5.90 मीटर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे निचले इलाकों में पानी तेजी से फैल रहा है।
मानगो के इलाके के लोगों का कहना है कि सुबह अचानक पानी बढ़ गया। घरों में पानी घुसने से अनाज और सामान खराब हो गए हैं लेकिन नगर निगम का कोई भी अधिकारी मदद के लिए नहीं आया। कई परिवार अब छत पर तिरपाल लगाकर रह रहे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी नगर निकायों को हाई अलर्ट पर रखा है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

