1000210476

चाकुलिया में बारिश से बाढ़ जैसे हालात, श्यामसुंदरपुर पंचायत के गांवों में घुसा पानी, विधायक ने किया दौरा और राहत कार्य का निर्देश…

खबर को शेयर करें
1000210476

Jamshedpur news: विगत दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चाकुलिया प्रखंड की श्यामसुंदरपुर पंचायत के कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई घरों में बरसात का पानी घुस गया है जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण कई कच्चे मकान ढह गए हैं और घर में रखा सूखा अनाज भीग कर नष्ट हो गया है।

स्थिति की जानकारी मिलते ही विधायक समीर महंती रविवार सुबह अपने कार्यकर्ताओं के साथ श्यामसुंदरपुर, ठाकुरबाड़ी, पिताजुड़ी समेत अन्य प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने मिट्टी के ढहे मकानों और पक्के घरों में भरे पानी की स्थिति को देखा और प्रभावितों से बातचीत की। विधायक ने अपने कार्यकर्ताओं को तत्काल सभी जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया और कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी राहत कार्य में पूरी तत्परता से जुटें।

दौरे के दौरान अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति, अंचल निरीक्षक पृथ्वी मुर्मू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शिवचरण हांसदा, बीस सूत्री अध्यक्ष साहेब राम मांडी समेत अन्य कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने गांवों की स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन को स्थिति से अवगत कराया।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की पहल से जल्द ही उन्हें राहत मिलेगी और हालात सामान्य होंगे। फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी है और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।