1000220154

धनबाद में जमीन उगल रही आग, जहरीली गैस से लोग परेशान, दम घुटने की स्थिति…

खबर को शेयर करें
1000220154

Jharkhand: झारखंड के धनबाद जिले के बरोरा क्षेत्र में स्थित AMP कोलियरी के पास जमीन के नीचे लगी आग और उससे निकलती जहरीली गैस लोगों की जान के लिए खतरा बन गई है। लगातार बारिश के बाद भूमिगत आग से जहरीली गैस का रिसाव और बढ़ गया है जिससे इलाके में दमघोंटू माहौल बन गया है। लोग न तो घर में चैन से रह पा रहे हैं और न ही बाहर निकल पा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहरीली गैस के कारण उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है और आंखों में जलन की शिकायत भी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। हालत यह हो गई है कि लोग अब उस रास्ते से गुजरने से भी कतराने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि बरोरा-टुंडू सड़क के दोनों ओर भूमिगत आग लगी हुई है जहां बारिश का पानी गिरने से गैस का रिसाव और तेज हो गया है। इसी इलाके में एएमपी कोलियरी का शताब्दी हाजिरी घर और वर्कशॉप भी स्थित है जहां सैकड़ों कर्मी दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। इसके पास ही पियोर बरोरा नाम की घनी आबादी वाली बस्ती भी है जो इस जहरीली हवा से सबसे ज्यादा प्रभावित है।

लोगों का आरोप है कि BCCL और स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इलाके में रह रहे लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकाला जाए वरना उनका जीना मुश्किल हो जाएगा।