जमशेदपुर के टीएमएच में खड़ी एम्बुलेंस में लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका…

Jamshedpur news: बिष्टुपुर स्थित टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बर्न यूनिट के बाहर खड़ी एक एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एम्बुलेंस से अचानक धुआं उठता देख लोग घबरा गए और तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई।
अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टाटा स्टील फायर डिपार्टमेंट को जानकारी दी। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया।
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और समय रहते आग बुझा दी गई।
फिलहाल फायर डिपार्टमेंट की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में खड़ी अन्य एम्बुलेंस और वाहनों की भी जांच की जा रही है।

