1000216079

अमरोहा में नकली नोट छापने की लैब का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार,44,500 रुपये के नकली नोट बरामद…

खबर को शेयर करें
1000216079

Azad Reporter desk: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा में नकली भारतीय नोट छापने वाली एक लैब का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से कुल 44,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरोहा निवासी अदनान (22) और दानिश (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 100 और 200 रुपये के नकली नोट, एक कलर प्रिंटर, पेपर शीट, पेपर कटर और नोटों पर इस्तेमाल होने वाली हरी टेप बरामद की है।

DCP अमित कौशिक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नकली 100 रुपये के नोट चलाए जा रहे हैं। इसके बाद एक टीम बनाई गई और जांच शुरू की गई।

20 जून को जानकारी मिली कि अदनान दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके में नकली नोटों की खेप देने वाला है। पुलिस ने जाल बिछाया और उसे 30,000 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अदनान ने बताया कि वह अपने दोस्त दानिश के साथ मिलकर अमरोहा में नकली नोट छापता था। इसके बाद पुलिस ने दानिश के घर पर छापा मारा जहां से 14,500 रुपये के और नकली नोट मिले। साथ ही नकली नोट छापने का पूरा सेटअप भी मिला।

अदनान ने बताया कि उसने 12वीं तक पढ़ाई की है और वह एक लैब में सैंपल कलेक्शन का काम करता था। उसके पिता बीड़ी बेचते हैं। उसने किसी से नकली नोट छापने की तकनीक सीखी और फिर अपने पुराने दोस्त दानिश को भी इस काम में शामिल कर लिया। दानिश ने 8वीं तक पढ़ाई की है और एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 4-5 महीनों से नकली नोट छाप रहे थे। वे 100 और 200 रुपये के नोट छापते थे ताकि बाजार में आसानी से चला सकें और ज्यादा संदेह न हो।

फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों व नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।