आपदा में दिखी सिस्टम की नाकामी!!बागबेड़ा नयाबस्ती में पानी की किल्लत, लोग हैं प्यासे…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के बागबेड़ा नयाबस्ती के लोग बारिश के बाद अब भी परेशान हैं। ज्यादातर घरों से पानी तो निकल चुका है लेकिन अब पीने के पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि 24 घंटे बीतने के बाद भी प्रशासन का एक भी अफसर या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा सवाल ये है कि आपदा के वक्त प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि कहां गायब हो जाते हैं?
दरअसल नयाबस्ती के ज्यादातर घरों के चापाकल में नाले का गंदा पानी घुसने से पीने लायक पानी नहीं बचा। ऐसे में पूर्व मुखिया मुकेश सिंह ने समाजसेवी राज कुमार सिंह को हालात की जानकारी दी। इसके बाद राज कुमार सिंह ने तत्काल दो टैंकर पीने का पानी बस्ती में भिजवाया। जो पूरी तरह काफी नहीं लेकिन सवाल ये है कि जनता की मदद किसी जनप्रतिनिधि या निगमकर्मी से पहले एक समाजसेवी क्यों कर रहा है?
गुरुवार सुबह नाले का पानी पूरे मोहल्ले में जम चुका था जिससे लोग अपने जरूरी सामान लेकर नजदीकी स्कूलों में शरण लेने को मजबूर हो गए। अब जब पानी निकल चुका है तो लोग घर लौटकर सफाई में जुटे हैं। पर रोज कमाने-खाने वालों के सामने अब भी राशन और पीने के पानी की गंभीर समस्या खड़ी है।
इस घटना से स्थानीय पार्षद, नगर निगम या बागबेड़ा नगर परिषद की भूमिका पर भी काफी सवाल खड़े हो रहे हैं।

