Durand Cup 2025: जमशेदपुर एफसी ने त्रिभुवन आर्मी एफसी को 3-2 से हराया, निकिल बरला ने किया विजयी गोल…

Jamshedpur news: डूरंड कप 2025 के ग्रुप सी के पहले मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने नेपाल की त्रिभुवन आर्मी एफसी को 3-2 से हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की। यह मैच जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला गया।
मैच में जमशेदपुर के लिए सार्थक गोलुई, मनवीर सिंह और निकिल बरला ने गोल किए। वहीं त्रिभुवन आर्मी के लिए कप्तान जॉर्ज प्रिंस कार्की और अनंता तामांग ने गोल दागे।
जमशेदपुर एफसी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के चौथे ही मिनट में सार्थक गोलुई ने विपक्षी गोलकीपर की गलती का फायदा उठाकर पहला गोल किया। हालांकि 26वें मिनट में नेपाल की टीम ने बराबरी हासिल कर ली जब कप्तान जॉर्ज कार्की ने शानदार गोल किया।
लेकिन जल्द ही 30वें मिनट में मनवीर सिंह ने एक बेहतरीन मूव को पूरा कर जमशेदपुर को फिर से बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक स्कोर 2-1 रहा।
दूसरे हाफ में त्रिभुवन आर्मी ने वापसी की कोशिश जारी रखी और 64वें मिनट में अनंता तामांग ने लंबी दूरी से शानदार गोल कर मैच को फिर से बराबरी पर ला दिया।
लेकिन 71वें मिनट में निकिल बरला ने सनान मोहम्मद की क्रॉस पर बेहतरीन गोल कर जमशेदपुर एफसी को तीसरी बार बढ़त दिला दी जो अंत तक कायम रही।
जमशेदपुर एफसी के कोच खालिद जमील ने इस मैच में पूरी तरह भारतीय खिलाड़ियों की टीम उतारी थी। टीम के नए खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया और टीम को जीत दिलाई।
इस रोमांचक मुकाबले के साथ जमशेदपुर एफसी ने डूरंड कप में तीन अहम अंक हासिल कर लिए हैं।

