1000252134

JCECEB की लापरवाही से अधर में लटका छात्रों का भविष्य!! 1 जुलाई से शुरू हाेनी थी कक्षाएं लेकिन 4 अगस्त तक B.Ed प्रवेश परीक्षा परिणाम भी जारी नहीं हुआ…

खबर को शेयर करें
1000252134

Jharkhand: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) की लापरवाही के कारण B.Ed, M.Ed और B.P.Ed पाठ्यक्रमों में नामांकन लेने वाले हजारों छात्र-छात्राएं गहरे असमंजस और तनाव में हैं। 11 मई 2025 को आयोजित हुई संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के ढाई माह बीत जाने के बाद भी इसका परिणाम अब तक जारी नहीं किया गया है।

परिणाम में हो रही देरी से करीब 55 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। परीक्षार्थियों का कहना है कि जहां 1 जुलाई से कक्षाएं शुरू हो जानी चाहिए थी वहीं 4 अगस्त बीतने के बाद भी न तो परिणाम आया है और न ही काउंसलिंग की कोई प्रक्रिया शुरू हो सकी है।

छात्रा प्रिया कुमारी ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा “हमने इतनी मेहनत से परीक्षा दी लेकिन परिणाम नहीं आने से मानसिक तनाव बढ़ रहा है। हर दिन यही डर है कि कहीं हमारा एक साल बर्बाद न हो जाए।”

JCECEB द्वारा जारी की गई अधिसूचना के अनुसार जून महीने में नामांकन प्रक्रिया पूरी होनी थी और 1 जुलाई से कक्षाएं आरंभ होनी थी। लेकिन छात्रों को अभी तक सिर्फ इंतजार ही मिला है।

बोर्ड ने 4 जुलाई को परिणाम जारी किया था और 7 जुलाई से काउंसलिंग शुरू होने वाली थी। लेकिन इसी दिन अचानक परिणाम और पूरी प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया। बोर्ड ने केवल वेबसाइट पर अपडेट देखते रहने की सलाह देकर अपने कर्तव्यों से पल्ला झाड़ लिया।

परीक्षार्थी लगातार आधिकारिक वेबसाइट पर नजरें गड़ाए बैठे हैं लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। JCECEB ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही नई तारीखें और अद्यतन जानकारी साझा की जाएगी लेकिन हकीकत यह है कि छात्र बीते एक महीने से सिर्फ “जल्द” का ही इंतजार कर रहे हैं।

नामांकन प्रक्रिया की पूरी समय-रेखा इस प्रकार थी:

•15 फरवरी से 15 मार्च 2025 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए।
•11 मई को झारखंड के विभिन्न जिलों में ऑफलाइन परीक्षा आयोजित हुई।
•14 मई को उत्तर कुंजी जारी हुई और 18 मई तक आपत्तियां ली गईं।
•4 जुलाई को परिणाम जारी किया गया।
•7 जुलाई को परिणाम और काउंसलिंग प्रक्रिया रद्द कर दी गई।

अब देखना होगा कि JCECEB कब तक छात्रों की चिंता को समझते हुए ठोस कदम उठाता है ताकि छात्र अपना आगामी शैक्षणिक सत्र समय पर शुरू कर सकें।