बिहार से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस एक्सप्रेसवे से गिरी, दो यात्रियों की मौत, 50 से ज्यादा घायल…

Azad Reporter desk:उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिहार से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर प्राइवेट बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सैफई क्षेत्र के माइलस्टोन 103 के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक को झपकी आ गई जिससे बस संतुलन खो बैठी और एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी। हादसे के वक्त बस में लगभग 80 यात्री सवार थे।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सईदा खातून (नेपाल निवासी) और मनोज कुमार (55 वर्ष, दरभंगा, बिहार निवासी) के रूप में हुई है। सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। इटावा के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) समेत अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।
प्रशासन की ओर से घटना की जांच शुरू कर दी गई है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है।


