जमशेदपुर में घरेलू विवाद बना हिंसक, पत्नी ने झाड़ू और पत्थर से किया हमला, पति अस्पताल में भर्ती…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन संख्या 5 में गुरुवार देर शाम एक पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि पत्नी ने झाड़ू और पत्थर से अपने पति पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल टेंपो चालक सुबिदत बेहरा ने बताया कि उसकी पत्नी का व्यवहार उनके मकान में रहने वाले पूर्व किरायेदार से काफी घनिष्ठ था। इसको लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुके थे। सुबिदत ने जब इस पर आपत्ति जताई तो पत्नी के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया जिससे परेशान होकर उसने किरायेदार को घर खाली करवा दिया।
हालांकि इसके बावजूद पत्नी का उस व्यक्ति से मिलना-जुलना जारी रहा। गुरुवार शाम सुबिदत ने अपनी पत्नी को फिर से उस पूर्व किरायेदार से मिलते हुए देख लिया। जब उसने इसका विरोध किया तो पत्नी ने गुस्से में आकर घर में पड़ी झाड़ू और पत्थर से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई।
स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सुबिदत ने बताया कि उसकी पहली पत्नी से दो संतानें हैं और वर्ष 2007 में उसने दूसरी शादी की थी।
इधर बिरसानगर थाना पुलिस ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और फिलहाल दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।