अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर खासमहल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन, DC कर्ण सत्यार्थी ने कहा,”योग अपनाएं, निरोग जीवन पाएं”…

Jamshedpur news: 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस शुक्रवार को जिले भर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर के खासमहल स्थित मैदान में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अन्य अधिकारियों और प्रतिभागियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया और लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे योग प्रशिक्षकों द्वारा कराए गए योग अभ्यास से हुई। इस आयोजन में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का भी माध्यम है। यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर है जिसे अपनाकर हम एक स्वस्थ और मजबूत समाज की ओर बढ़ सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें और अपने परिवार व समाज में भी इसे बढ़ावा दें। उपायुक्त ने कहा कि योग के प्रति जन-जागरूकता आज की जरूरत है और इसके नियमित अभ्यास से हम अनेक बीमारियों से बच सकते हैं।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला आयुष पदाधिकारी, जनसंपर्क पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों द्वारा सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा उनके लाभों की जानकारी दी गई।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और नगर निकाय क्षेत्रों में भी सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों का उद्देश्य आमजन को योग के लाभों से परिचित कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

