दिशोम गुरु की श्रद्धांजलि सभा 16 अगस्त को, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, 9 IPS, 40 DSP तैनात, 4 हेलीपैड तैयार…

Jharkhand: रामगढ़ के नेमरा गांव में 16 अगस्त को दिशोम गुरु की स्मृति में आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यह कार्यक्रम न केवल श्राद्ध के लिहाज़ से ऐतिहासिक होगा बल्कि व्यवस्थाओं और सुरक्षा के मामले में भी एक नया मानक स्थापित करेगा। आयोजन में देशभर से करीब 5 लाख लोगों के आने की संभावना है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत कई वीआईपी अतिथि भी इसमें शिरकत करेंगे।
आगंतुकों की सुविधा के लिए 300 ई-रिक्शा सेवा और अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। गोला से सिल्ली तक नई सड़क बनाई जा रही है वहीं नेमरा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत का कार्य भी पूरा हो रहा है। कार्यक्रम के लिए आईएएस राहुल सिन्हा को प्रभारी बनाया गया है और विधि-व्यवस्था संभालने हेतु कई अधिकारियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा को देखते हुए 9 IPS अधिकारियों को 14 से 17 अगस्त तक और 40 DSP को 12 से 17 अगस्त तक तैनात किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। पूरे आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्र में 40 ड्रोन कैमरे और 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को नो-व्हीकल ज़ोन घोषित किया गया है।
हवाई यातायात की सुविधा के लिए 4 हेलीपैड बनाए गए हैं जिनमें से 3 गुरुजी के घर के पास और एक लुकईटांड रोड पर स्थित है। विशिष्ट अतिथियों के स्वागत के लिए 300 मीटर लंबा भव्य प्रवेश द्वार तैयार किया गया है। नेमरा में गुरुजी के पैतृक घर के 300 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर दी गई है जहां केवल VIP और करीबी लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
विशेष अतिथियों के लिए निमंत्रण पत्र कैबिनेट सचिवालय द्वारा भेजा जाएगा जबकि आम लोगों को झामुमो जिला कमेटी के माध्यम से निमंत्रण कार्ड वितरित किए जा रहे हैं।


