मानगो के जवाहरनगर में गंदा पानी बना लोगों की बड़ी परेशानी, सीवरेज फेल होने से सड़क पर बह रहा है नाली का पानी…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के मानगो जवाहरनगर रोड नंबर 15 के लोग इन दिनों गंदगी और बदबू की वजह से बेहद परेशान हैं। इलाके में बने इरशाद अपार्टमेंट और अनुराग अपार्टमेंट का सीवरेज सिस्टम पूरी तरह से खराब हो चुका है। इसकी वजह से नाली का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुराना केरला पब्लिक स्कूल के सामने वाली सड़क पर कई दिनों से लगातार गंदा पानी बह रहा है। बदबू इतनी ज्यादा है कि लोग अब उस रास्ते से गुजरने से बच रहे हैं।
इस समस्या का सबसे ज्यादा असर इलाके के दुकानदारों और ठेले पर सब्जी बेचने वालों पर पड़ा है। ग्राहक वहां रुकना नहीं चाहते जिससे दुकानों की बिक्री पूरी तरह से ठप हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार उन्होंने कई बार इन परेशानियों की शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग बीमारियों के डर में जी रहे हैं।
स्थिति को गंभीर होता देख स्थानीय लोगों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर नगर आयुक्त और सिटी मैनेजर से फोन पर बात की और पूरी जानकारी दी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मानगो थाना में FIR दर्ज कराई जाएगी।

