1000210345

क्या एंटी-एजिंग इंजेक्शन बना मौत की वजह? ‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला के निधन को लेकर जांच में जुटी हुई है पुलिस…

खबर को शेयर करें
1000210345

Azad Reporter desk: मशहूर मॉडल और एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात मुंबई में निधन हो गया। ‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो से चर्चा में आईं शेफाली को उनके पति पराग त्यागी द्वारा अंधेरी स्थित बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया परिवार और कुछ करीबी दोस्तों की मौजूदगी में पूरी की गई।

हालांकि उनकी मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है लेकिन शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत एंटी-एजिंग उपचार के कारण हुई हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शेफाली विटामिन सी और ग्लूटाथियोन जैसे एंटी-एजिंग इंजेक्शन और दवाओं का सेवन कर रही थीं। यह दवाएं आमतौर पर त्वचा को गोरा और शरीर को डिटॉक्स करने के लिए ली जाती हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शेफाली ने शुक्रवार की दोपहर में एक इंजेक्शन लिया था और रात को उन्होंने अपनी नियमित दवाएं भी ली थीं। उस दिन वह उपवास पर थीं और पूरे दिन कुछ नहीं खाया था। आशंका जताई जा रही है कि खाली पेट दवाइयों और इंजेक्शन लेने से उनका ब्लड प्रेशर अचानक गिर गया जिससे उन्हें ठंड लगने लगी। रात 10 से 11 बजे के बीच उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम कूपर अस्पताल में किया गया है हालांकि मौत के कारण को लेकर रिपोर्ट फिलहाल सुरक्षित रखी गई है। फोरेंसिक टीम ने उनके घर से दवाइयों सहित कई साक्ष्य इकट्ठा किए हैं और उनके संपर्क में आए लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस और मेडिकल टीम यह जानने में जुटी है कि क्या शेफाली की मौत किसी दवा रिएक्शन या गलत इंजेक्शन के कारण हुई है या यह एक सामान्य हार्ट अटैक का मामला है।