दुमका के बेदिया गांव में डायरिया का कहर, आठ दिनों में चार लोगों की मौत, कई लोग बीमार…

Jharkhand: झारखंड के दुमका जिले के जरमुंडी प्रखंड के आदिवासी बहुल गांव बेदिया में डायरिया ने कहर मचा दिया है। पिछले आठ दिनों में इस बीमारी से चार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई अन्य लोग बीमार हैं।
गांव में अचानक बीमारी और मौतों की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बादल पत्रलेख ने गुरुवार को जिले के उपायुक्त और झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और इलाज की व्यवस्था शुरू की गई।
पूर्व मंत्री ने बताया कि 7 जुलाई को संगीता मरांडी, 10 जुलाई को उनके बेटे अरविंद सोरेन और 17 जुलाई को लखीराम की पत्नी और बबलू किस्को की मौत डायरिया की चपेट में आने से हुई है। उन्होंने इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दुमका के डीसी को निर्देश दिया कि गांव में तुरंत चिकित्सा टीम जीवनरक्षक दवाएं और जरूरी संसाधन भेजे जाएं। इसके बाद गुरुवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची।
बादल पत्रलेख ने कहा कि यह इलाका बासुकीनाथ श्रावणी मेला क्षेत्र के पास है इसलिए अगर संक्रमण फैला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य व्यवस्था को आदिवासी इलाकों में मजबूत किया जाए और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता व मुआवजा दिया जाए।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने गांव में डायरिया फैलने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसका कारण दूषित पेयजल माना जा रहा है।
स्थिति पर नज़र रखी जा रही है और स्वास्थ्य विभाग की टीम इलाज व बचाव में जुटी हुई है।

