1000234197

धनखड़ के इस्तीफे ने मचाई हलचल: कांग्रेस ने जताई साज़िश की आशंका, नड्डा और रिजिजू पर उठाए सवाल…

खबर को शेयर करें
1000234197

Azad Reporter desk: 21 जुलाई 2025 की शाम को उस वक्त राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई जब देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कारण बताया गया स्वास्थ्य। लेकिन क्या सिर्फ इतनी सी बात थी?

धनखड़ ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपना इस्तीफा सौंपा। मगर इसके तुरंत बाद कांग्रेस ने इस फैसले पर शक जताया और इसे किसी गहरी राजनीतिक साजिश से जोड़ दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट कर दावा किया कि इस इस्तीफे के पीछे कुछ ऐसा छुपा है जिसे जानबूझकर सामने नहीं लाया जा रहा।

रमेश ने लिखा कि सोमवार दोपहर 12:30 बजे धनखड़ ने राज्यसभा की BAC यानी बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की थी। इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और कानून मंत्री किरण रिजिजू भी मौजूद थे। बैठक में तय हुआ कि शाम 4:30 बजे एक और बैठक होगी। लेकिन दिलचस्प बात यह रही कि नड्डा और रिजिजू दोनों ने उस दूसरी बैठक में शिरकत नहीं की।

अब सवाल उठ रहा है कि दोपहर 1 बजे से लेकर 4:30 के बीच ऐसा क्या हुआ जिसने पूरे घटनाक्रम का रुख मोड़ दिया?

जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में लिखा “धनखड़ का अचानक इस्तीफा बेहद चौंकाने वाला है। उन्होंने भले ही स्वास्थ्य कारण बताया हो लेकिन इसके पीछे कुछ और बड़ा चल रहा है।”

उन्होंने यह भी कहा कि धनखड़ हमेशा संविधान और किसानों के पक्ष में खड़े रहे। शायद यही बातें अब कुछ लोगों को खटकने लगी थीं। रमेश ने तंज कसते हुए पूछा क्या उपराष्ट्रपति को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया?

अब देश की निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या वाकई ये एक साधारण इस्तीफा था या इसके पीछे कोई अनकही कहानी छुपी हुई है?