1000205878

जमशेदपुर के उपायुक्त ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक की, दिए जरूरी निर्देश…

खबर को शेयर करें
1000205878

Jamshedpur news: जिले में आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में निर्वाचन विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उनके कार्यालय कक्ष में हुई जिसमें मतदाता सूची के सतत अद्यतनीकरण, प्री-रिवीजन गतिविधियों और मतदान केंद्रों के जियो-फेंसिंग कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची में संशोधन हेतु प्राप्त फॉर्म (फॉर्म 6, 7, 8 आदि) का त्वरित और नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी ईआरओ (निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी) और एईआरओ (सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी) को लंबित प्रपत्रों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।

इसके अलावा उपायुक्त ने यह भी कहा कि हर शुक्रवार को फॉर्म-6 और 8 के निष्पादन से संबंधित ईपिक (EPIC) पीडीएफ बनाकर समय पर संबंधित एजेंसी को भेजा जाए। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदान केंद्र पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) या पर्यवेक्षक की कमी है तो उनकी तत्काल नियुक्ति की जाए।

बैठक में यह भी बताया गया कि 18 जून को बीएलओ पर्यवेक्षकों, अमीनों और आवास समन्वयकों को प्रशिक्षण दिया गया है जो 21 जून तक प्रखंड और नगर निकाय स्तर पर अन्य बीएलओ को प्रशिक्षण दे रहे हैं। साथ ही 1 जुलाई से 5 जुलाई के बीच मतदान केंद्रों के नक्शों और टर्निंग पॉइंट्स के को-ऑर्डिनेट्स की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

इस बैठक में अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, एनईपी निदेशक संतोष गर्ग, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल आनंद, घाटशिला के एसडीओ सुनील चंद्र और उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।