जमशेदपुर में उपायुक्त ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, सभी से ली सुविधाओं की जानकारी…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को जमशेदपुर स्थित सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति की जांच की। इस दौरान उपायुक्त ने जनरल वार्ड, महिला वार्ड, प्रसव वार्ड, शिशु वार्ड, इमरजेंसी कक्ष और ओपीडी का भी दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने दवा, खाना, जांच सुविधा और अस्पताल स्टाफ के व्यवहार से संबंधित जानकारी ली। साथ ही यह भी पूछा कि उन्हें किन सुविधाओं में परेशानी हो रही है।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें। अस्पताल परिसर की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल और सभी जरूरी उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसीएमओ डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, डीआरसीएचओ डॉ. रंजीत पांडा सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद थे। उपायुक्त का यह दौरा अस्पताल व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से किया गया।

