जमशेदपुर में डेंगू का प्रकोप: दर्जनों लोग बीमार, 9 मरीज अस्पताल में भर्ती…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र के शेषनगर और बालाजी नगर में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। दर्जनों लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 9 गंभीर मरीजों को MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर साल इसी मौसम में डेंगू फैलता है लेकिन स्वास्थ्य विभाग समय रहते कोई कदम नहीं उठाता। विभाग की इस लापरवाही से लोगों में भारी नाराज़गी है।
हालात की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने प्रभावित इलाकों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव करवाया और खुद घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचने के उपाय बताए।
डॉ. सिंह ने बताया कि यह इलाका हर साल डेंगू से प्रभावित होता है लेकिन मलेरिया विभाग समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाता। अधिकारी क्षेत्र का निरीक्षण तक नहीं करते और बीमारी फैलने के बाद ही औपचारिक कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय कंपनियां सिर्फ अखबारों में फोटो छपवाने के लिए सक्रिय होती हैं जबकि असल में इलाका गंदगी और जलजमाव से भरा रहता है जो डेंगू फैलने की मुख्य वजह है।
लोगों से अपील की गई है कि साफ-सफाई का ध्यान रखें पानी जमा न होने दें और किसी भी लक्षण के दिखते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

