टाटा कमांड एरिया में संपत्ति रजिस्ट्री शुरू करने की मांग तेज, विधायक पूर्णिमा साहू ने मंत्री को लिखा पत्र…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के टाटा कमांड एरिया में वर्षों से बंद पड़ी संपत्ति रजिस्ट्री प्रक्रिया को पुनः शुरू करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस मुद्दे को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने झारखंड सरकार के निबंधन विभाग मंत्री रामदास सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
यह पत्र सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से मिले अनुरोध के आधार पर लिखा गया है। चैंबर ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि टाटा कमांड एरिया में रजिस्ट्री प्रक्रिया के ठप होने से आम नागरिकों और व्यापारियों को भारी असुविधा हो रही है। न केवल संपत्ति की खरीद-बिक्री प्रभावित हुई है बल्कि निर्माण कार्य भी पूरी तरह रुक गया है।विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने पत्र में बताया कि रजिस्ट्री बंद होने के कारण क्षेत्र में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इससे विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है और राज्य सरकार के राजस्व को भी नुकसान हो रहा है। पहले टाटा कमांड एरिया में संपत्ति का निबंधन सामान्य रूप से होता था लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह प्रक्रिया पूरी तरह से ठप पड़ी है।
उन्होंने मंत्री से अपील की है कि इस गंभीर विषय पर गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द रजिस्ट्री प्रक्रिया को पुनः शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं ताकि क्षेत्र के नागरिकों को राहत मिल सके और विकास कार्यों को गति दी जा सके।

