दिल्ली की बहादुर प्रियंका : मोबाइल झपटमारों को अकेले दबोचा, पुलिस ने किया गिरफ्तार…

Azad Reporter desk: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर में 22 वर्षीय युवती प्रियंका ने हिम्मत और साहस का परिचय देते हुए अपने छीने गए मोबाइल फोन को वापस हासिल किया और दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
यह घटना 30 जुलाई की सुबह हुई। प्रियंका मयूर विहार फेज-1 के महात्मा गांधी कैंप में अपने परिवार के साथ रहती हैं और न्यू अशोक नगर स्थित एक ग्रोसरी ऐप के ऑफिस में काम करती हैं। सुबह करीब 6 बजे जब वह ऑफिस जा रही थीं तभी सरपंच चौक के पास बाइक पर सवार दो बदमाश उनका मोबाइल फोन झपटकर ए-ब्लॉक की ओर फरार हो गए।
घटना से विचलित होने के बावजूद प्रियंका ने हार नहीं मानी। ऑफिस पहुंचकर उन्होंने अपने दोस्त राहुल को इसकी जानकारी दी और दोनों आरोपियों की तलाश में निकल पड़ीं। तलाश करते हुए जब वे नाला रोड पहुंचे तो दोनों आरोपी वहां बैठे मिले। प्रियंका ने तुरंत राहुल और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और प्रियंका की शिकायत पर दोनों आरोपियों बपन हलदर और आकाश, निवासी न्यू अशोक नगर—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रियंका का छीना हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है और अब आरोपियों से पूछताछ जारी है।
इस घटना ने दिखा दिया कि साहस और हिम्मत से किसी भी मुश्किल का सामना किया जा सकता है।

