झारखंड में पानी में डूबने से बढ़ रही हैं मौतें!! लोहरदगा, गढ़ाटोली और चांडिल में तीन घटनाएं, दो की मौत, एक की तलाश जारी…

खबर को शेयर करें
1000200932

Jharkhand: झारखंड में इन दिनों डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते 24 घंटों में राज्य के तीन अलग-अलग इलाकों से ऐसी खबरें सामने आई हैं जिनमें दो युवकों की मौत हो चुकी है जबकि एक की तलाश अभी भी जारी है।

पहली घटना लोहरदगा जिले से है। यहां सदर थाना क्षेत्र के मनहो कोयल नदी के जमुनादह घाट पर 21 वर्षीय आर्यन राज की डूबने से मौत हो गई। आर्यन इंजीनियरिंग का छात्र था और छुट्टियों में अपने घर लौटा था। वह अपने तीन दोस्तों के साथ कांति फॉल घूमने गया था। लौटते वक्त चारों दोस्त नदी में नहाने उतरे लेकिन आर्यन गहराई में चला गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं दूसरी घटना गढ़ाटोली की है। यहां BS कॉलेज रोड इलाके का एक नाबालिग लड़का जुरिया तालाब में नहाने गया था। नहाते वक्त वह डूब गया और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना भी बताती है कि बिना सुरक्षा के पानी में उतरना कितना खतरनाक हो सकता है खासकर बच्चों के लिए।

अब बात करते हैं तीसरी घटना की जो चांडिल से सामने आई है। यहां रांची के रामगढ़ इलाके का रहने वाला 20 वर्षीय मोहम्मद शाहिल अपने सात दोस्तों के साथ नहाने गया था। सभी अलकबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं। नहाते वक्त शाहिल लापता हो गया। उसके दोस्तों ने पुलिस को जानकारी दी जिसके बाद से स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश जारी है। अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।

झारखंड में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कहीं लापरवाही तो कहीं उत्साह में की गई गलती जान ले रही है। ज़रूरत है सतर्कता की, जागरूकता की, और ऐसी जगहों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की।