1000252652

चांडिल में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रबीन महतो पर जानलेवा हमला, अवैध जमीन कारोबार में माफियाओं पर लगाए गंभीर आरोप…

खबर को शेयर करें
1000252652

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के भुइयांडीह गांव में रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी और सामाजिक कार्यकर्ता प्रबीन चंद्र महतो पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले का आरोप गांव के संतोष लायेक, चंद्रकांत लायेक और मंगल लायेक पर लगाया गया है।

प्रबीन महतो ने बताया कि इस हमले की साजिश के पीछे पूर्व जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश लायेक का हाथ है जो इलाके में अवैध जमीन कारोबार का मुख्य सरगना है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओम प्रकाश लायेक के संरक्षण में सीएनटी और एसपीटी एक्ट का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है और गरीबों की जमीनें जबरन कब्जाई जा रही हैं।

प्रबीन महतो ने यह भी खुलासा किया कि वर्ष 2014 और 2016 में भी उन पर हमला हुआ था जिसका मकसद अब जाकर स्पष्ट हुआ है। उन्होंने बताया कि ताजा हमले के दौरान जब एक महिला पद्मावती महतो ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसके साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई।

इस घटना के बाद प्रबीन महतो ने जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो भुइयांडीह जैसे गांवों में कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो जाएगी और माफिया तत्व गरीबों की जमीन पर पूरी तरह कब्जा कर लेंगे।

उन्होंने ओम प्रकाश लायेक पर सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने गरीबों की जमीन हथियाने और पूरे इलाके में दहशत फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रबीन महतो ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में कानून का डर बना रहे और गरीबों के अधिकारों की रक्षा हो सके।