जमशेदपुर में हाथ से मैला ढोने की प्रथा पर डीसी की सख्ती, पुनर्वास और सुरक्षा के लिए बनाई जाएगी समिति…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में हाथ से मैला ढोने की प्रथा (मैनुअल स्कैवेंजिंग) को पूरी तरह खत्म करने और इससे जुड़े लोगों के पुनर्वास व सामाजिक सुरक्षा के लिए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अहम बैठक की। बैठक समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय में हुई, जिसमें उन्होंने इस प्रथा पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि इस कार्य में लगे या पहले कभी लगे रहे लोगों की पहचान की जाएगी और उनके लिए एक जिला स्तरीय समिति बनाई जाएगी। यह समिति ऐसे लोगों को पेंशन, बीमा, कौशल विकास प्रशिक्षण और वैकल्पिक रोजगार जैसी योजनाओं से जोड़ेगी ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन मिल सके।
समिति के नोडल पदाधिकारी जिला कल्याण पदाधिकारी होंगे। इसके अलावा जिला पंचायती राज पदाधिकारी, नगर निकायों के अधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी और अन्य नामित सदस्य भी शामिल रहेंगे।
डीसी ने कहा कि ऐसे लोगों की पूरी सूची तैयार की जाए और जल्द से जल्द उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए। समिति समय-समय पर बैठक कर पूरी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। उपायुक्त ने साफ कहा कि मैनुअल स्कैवेंजिंग पर कानूनन पूरी तरह प्रतिबंध है और इससे जुड़े लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन देना प्रशासन की प्राथमिकता है।

