1000218629

कोल्हान पर मूसलाधार बारिश से मंडरा रहा खतरा, जमशेदपुर के कई इलाके पानी में डूबे, स्वर्णरेखा-खरकई उफान पर…

खबर को शेयर करें
1000218629

Jharkhand: झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में बीते 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जमशेदपुर समेत कई इलाकों में पानी घरों और सड़कों में भर गया है जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार घाटशिला में 83.6 मिमी और जमशेदपुर के आसपास 82.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पूरे कोल्हान में अब तक कुल 854.5 मिमी वर्षा हो चुकी है।

जमशेदपुर के कई इलाके प्रभावित
जमशेदपुर के कदमा, सोनारी, बागबेड़ा, साकची, बिष्टुपुर जैसे इलाकों में पानी भर गया है। कदमा स्थित अनिल सूर पथ में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं जहां तालाब और नालियों का पानी दर्जनों घरों में घुस गया है। बुजुर्ग और बच्चे दो दिनों से घरों में कैद हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। नाली की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों ने चंदा कर खुद निकासी की कोशिश शुरू की है। Jusco प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से अब तक कोई मदद नहीं मिली।

स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है जिससे निचले इलाकों में पानी घुसने लगा है और बाढ़ की आशंका और अधिक बढ़ गई है।

बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर जलजमाव हो गया है और यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।