Jamshedpur के सायरस दत्ता जाएंगे Tokyo Japan!!! देशभर से चुने गए 54 छात्रों में अकेले झारखंड से चयन…

Jamshedpur news: संसाधनों की कमी भले ही राहों को कठिन बना दे लेकिन अगर मेहनत लगन और सही मार्गदर्शन हो तो कोई भी सपना हकीकत बन सकता है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है जमशेदपुर के गोड़ाडीह गांव के रहने वाले 17 वर्षीय छात्र सायरस कुमार दत्ता ने।पीएमश्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय खुकडाडीह के छात्र सायरस ने अपनी विज्ञान शिक्षिका कल्पना भगत के मार्गदर्शन में “खिड़की सीढ़ी इमरजेंसी एस्केप लैडर” नामक मॉडल तैयार किया जो आपातकालीन स्थिति में लोगों की जान बचाने में मददगार साबित हो सकता है।
इस मॉडल के लिए सायरस को 2024 में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित इंस्पायर मानक अवार्ड की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।अब सायरस को जापान सरकार द्वारा चलाए जा रहे “सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम” के तहत टोक्यो जाने का अवसर मिला है।
इस कार्यक्रम में भारत समेत मलेशिया, यूक्रेन और ताइवान के छात्र भी भाग लेंगे। जापान में सायरस को टोक्यो और आसपास के क्षेत्रों में स्थित प्रतिष्ठित विज्ञान केंद्रों जैसे आसाकुसा सेंटर, ओमिया किता हाई स्कूल, नेशनल म्यूजियम फॉर नेचर एंड साइंस, स्पेस सेंटर, मैथमैटिक्स एक्सपीरियंस प्लाज़ा, राइकेन कंप्यूटेशन सेंटर और एडवांस टेक्नोलॉजी गैलरी का भ्रमण कर विज्ञान की गहराइयों को समझने का मौका मिलेगा।
देशभर के 20 राज्यों से कुल 54 छात्रों का चयन हुआ है जिनमें सायरस झारखंड से अकेले प्रतिभागी हैं। 15 से 21 जून तक चलने वाले इस सात दिवसीय जापान दौरे के लिए सायरस अपने पिता प्रेमजीत कुमार दत्ता के साथ बृहस्पतिवार रात रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुए। सायरस के पिता ऑटो चालक हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि उनका बेटा एक दिन जापान जाएगा।
सायरस ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विज्ञान शिक्षिका कल्पना भगत, प्रधानाध्यापक अरुण कुमार और स्कूल के सभी शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा, “गोड़ाडीह गांव से निकलकर जापान जाना मेरे लिए सपने जैसा है। इस यात्रा से मिले अनुभव और नेटवर्किंग भविष्य में मेरे करियर को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।”

