झारखंड में लगातार बारिश का कहर, 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी…

Jharkhand: झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और राज्य के कई जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है। राजधानी रांची सहित 20 जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है और जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।
रांची और आसपास के इलाकों में तेज बारिश से सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। नालों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने से कृषि कार्य भी बाधित हो रहा है। नगर निगम की सफाई व्यवस्था बारिश के सामने असहाय नजर आ रही है।
4 जुलाई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और साहिबगंज में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में वज्रपात और तेज गर्जना को लेकर चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई को झारखंड के उत्तरी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही तेज बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी है।
6 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां समेत दक्षिणी झारखंड और आसपास के मध्य क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार 4 से 6 जुलाई तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। इस दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटे में झारखंड में सामान्य मानसूनी गतिविधि देखी गई। चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम) में सबसे अधिक 69.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं गोड्डा में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।


