झारखंड में फिर से बढ़ेगी ठंड, न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट की संभावना
Azad reporter desk: झारखंड में ठंड का मौसम एक बार फिर से वापसी करने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार से झारखंड में ठंड फिर से बढ़ने की संभावना है, जिसमें न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार, 24 जनवरी तक प्रदेश के मौसम में बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन 25 और 26 जनवरी को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची का न्यूनतम तापमान 25 जनवरी को 11 डिग्री और 26 जनवरी को 10 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। इसके अलावा, गुरुवार और शुक्रवार को झारखंड के उत्तरी और मध्य हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के कुछ जिलों को छोड़कर, अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। गुरुवार को झारखंड के गुमला में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। जमशेदपुर और बोकारो में न्यूनतम तापमान क्रमशः 12.8 डिग्री और 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा।सर्दी को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बेघर और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को कंबल वितरित किए हैं। जिले के सभी प्रमुख चौराहों और सभी प्रखंडों में अलाव भी जलाए गए हैं। इसके अलावा, प्रखंडों में पहले ही कंबल वितरित किए गए हैं। ऐप पर भी व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को सर्दी से बचाव के लिए आवश्यक सामग्री प्रदान की जा सके।